निवेशकों को हरियाणा में अनुकूल वातावरण देने का भरोसा – सैनी
निवेशकों को हरियाणा में अनुकूल वातावरण देने का भरोसा - सैनी
चंडीगढ़ ,5 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर में आयोजित SING फोरम के फायरसाइड चैट कार्यक्रम में भाग लेते हुए प्रदेश में निवेश के अवसरों, नीतिगत सुधारों और निवेशक-अनुकूल माहौल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि कोई कंपनी आने वाले समय में हरियाणा में निवेश करती है तो वे इस यात्रा को सफल मानेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर आने से पहले ही लगभग 20-30 प्रमुख कंपनियों की पहचान की गई थी। अधिकारियों ने कई निवेशकों के साथ ई-मीटिंग भी की। इस यात्रा के दौरान अनेक कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव दिए और अपनी इन्वेस्टमेंट इंटेंशंस जमा कराईं। उन्होंने कहा कि कोई भी निवेश प्रस्ताव आते ही हरियाणा एंटरप्राइज प्रमोशन सेंटर उसे तेजी से आगे बढ़ाता है। सिंगापुर से आने वाले निवेश प्रस्तावों को विशेष गति देने के लिए एक समर्पित मर्लियन डेस्क भी स्थापित किया गया है।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में 270 से अधिक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) और मजबूत ऑटोमोटिव इकोसिस्टम मौजूद है, जो कोई चुनौती नहीं बल्कि अवसर है। गुरुग्राम और एनसीआर के बाहर भी कई ऐसे स्थान हैं जहां निवेशकों को भूमि, औद्योगिक ढांचा और विस्तार के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है। उन्होंने जोर दिया कि मध्यम आकार की कंपनियों को केवल पहले से बने सिस्टम में जगह नहीं बनानी पड़ती, बल्कि वे यहां अपना नया इकोसिस्टम और मजबूत बिजनेस बेस भी विकसित कर सकती हैं।
निवेश प्रोत्साहनों को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि जून माह में 10 नई नीतियां शुरू की गईं और प्रोत्साहन देने की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया गया है। सिंगल विंडो सिस्टम को और मजबूत किया गया है ताकि निवेशकों को कम से कम प्रयास करना पड़े। प्रोत्साहन फ्रेमवर्क के तहत पात्र प्रोत्साहन का 50 प्रतिशत पहले सात कार्यदिवसों में और शेष 45 दिनों के भीतर देने का प्रावधान किया गया है।
पानी की चुनौती पर उन्होंने कहा कि अधिक पानी की आवश्यकता वाली इंडस्ट्रीज और कुछ विशेष स्थानों के लिए परियोजना की जरूरत का पहले ही आकलन किया जाता है। ट्रीटेड और रीसायकल पानी के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
जमीन से जुड़े मामलों में एक महत्वपूर्ण और अनोखा इन्वेस्टमेंट इंजन तैयार किया गया है। कोई भी निवेशक हरियाणा के किसी खास लैंड पार्सल पर कर्सर रखता है तो उसे उस स्थान से जुड़ी निवेश संबंधी पूरी जानकारी एक जगह मिल जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के पास सही लोकेशन, मजबूत इकोसिस्टम और अवसरों को बड़े स्तर पर ले जाने का सही समय है। उन्होंने निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि यदि वे भारत में अपने विकास का अगला अध्याय लिखना चाहते हैं तो हरियाणा उनका मजबूत और भरोसेमंद पार्टनर बन सकता है।
