असरानी की अंतिम फिल्मों में शामिल मानी जा रही इस परियोजना पर सबकी नजर
असरानी की अंतिम फिल्मों में शामिल मानी जा रही इस परियोजना पर सबकी नजर
नई दिल्ली, 7 जून। बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” का भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस राजधानी दिल्ली के फिल्म डिवीजन में आयोजित किया गया। यह फिल्म दिग्गज अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक मानी जा रही है, जिसके चलते इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों और फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस मौके पर अभिनेता मुश्ताक खान, निर्देशक राकेश सावंत और निर्माता भंवर सिंह पुंडीर उपस्थित रहे और उन्होंने मीडिया के साथ फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए।
फिल्म में मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब, मुश्ताक खान सहित कई अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राकेश सावंत ने किया है, जबकि इसे श्वेता चौहान, भंवर सिंह पुंडीर और राकेश सावंत ने प्रोड्यूस किया है।
इससे पहले मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राखी सावंत ने असरानी जी को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म शोले के उनके आइकॉनिक जेलर किरदार पर एक विशेष प्रस्तुति दी थी, जिसने सभी को भावुक कर दिया था।
दिल्ली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निर्देशक राकेश सावंत ने बताया कि जब असरानी जी को फिल्म का शीर्षक “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” बताया गया, तो वे बेहद खुश हुए और उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद दिया।
फिल्म की कहानी एक रोमांचक मर्डर मिस्ट्री थ्रिलर पर आधारित है, जिसमें ठाकुर विश्वजीत सिंह और सवातेई परिवार के बीच का विवाद खौफनाक अपराध और चौंकाने वाले खुलासों में बदल जाता है। इस रहस्य की जांच इंस्पेक्टर देव और इंस्पेक्टर राणा करते हैं, जो दर्शकों को सस्पेंस, ड्रामा, रोमांस और एक्शन से भरपूर यात्रा पर ले जाते हैं।
उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में शूट की गई यह फिल्म शानदार विजुअल्स, भावनात्मक कहानी और मधुर संगीत का बेहतरीन संगम प्रस्तुत करती है।
निर्देशक राकेश सावंत ने कहा, “यह फिल्म हमारे लिए बेहद खास और भावुक है क्योंकि इसमें असरानी जी की यादगार परफॉर्मेंस जुड़ी हुई है। हमने दर्शकों को एक सम्पूर्ण मनोरंजन देने की कोशिश की है।”
निर्माता भंवर सिंह पुंडीर ने कहा, “ट्रेलर को मिला शानदार रिस्पॉन्स हमारे लिए गर्व की बात है। यह फिल्म असरानी जी के योगदान को समर्पित है और दर्शकों को एक बेहतरीन थ्रिलर अनुभव देगी।”
जया फिल्म्स और गजानन मोशन मूवीज के बैनर तले बनी इस फिल्म में असरानी, मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब, रक्षा गुप्ता, मुस्कान वर्मा, विष्णु शर्मा, अभिनव चौहान और मुश्ताक खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
“हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
