शहरी क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख, कार्रवाई जारी
शहरी क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख, कार्रवाई जारी
पंचकूला, 24 जुलाई। पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन और जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) बबीता गुप्ता के नेतृत्व में जिला नगर योजनाकार, पंचकूला की टीम ने अर्बन एरिया पंचकूला में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान गांव चरनियां स्थित एक अवैध कॉलोनी में 4 डीपीसी, गांव कोना स्थित एक अवैध कॉलोनी में 9 डीपीसी तथा गांव लहरोंडी स्थित एक अवैध कॉलोनी में 3 डीपीसी को ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त इन अवैध कॉलोनियों में बनाए गए रोड नेटवर्क और निशानदेही को भी जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया।
उक्त कार्रवाई श्रीमती बबिता गुप्ता, जिला नगर योजनाकार, पंचकूला, ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्री डिम्पी राठी, सहायक नगर योजनाकार, पंचकूला श्री अशोक कुमार तथा भारी पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुई।
जानकारी देते हुए डीटीपी श्रीमती बबिता गुप्ता ने बताया कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने अथवा कॉलोनी विकसित करने से पहले निदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति के अवैध निर्माण करता है या अनधिकृत कॉलोनी विकसित करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि विभाग से सी.एल.यू./लाइसेंस की आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना कोई भी निर्माण कार्य न करें और न ही किसी अनाधिकृत कॉलोनी का विकास करें।
