कपाल मोचन मेला शुरू, सीएम सैनी ने टेका माथा

कपाल मोचन मेला शुरू, सीएम सैनी ने टेका माथा

कपाल मोचन मेला शुरू, सीएम सैनी ने टेका माथा

चंडीगढ़, 20 नवंबर। हरियाणा की धरती पर आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक एकता की सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। मेले के उद्घाटन अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कपाल मोचन ऐसा पावन स्थल है, जहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों की आस्था एक साथ दिखाई देती है। इस अवसर पर केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्री आदिबद्री मेले का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने कपाल मोचन, ऋण मोचन और सूरजकुंड सरोवरों का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में आज मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेशवासियों को विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए 187 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण तथा जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि आस्था और विकास, दोनों साथ-साथ चलें, यही सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सद्भावना, एकता और भाईचारे का ऐसा संगम है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक पहचान कराता है। यही भारत की आत्मा और हमारी साझा संस्कृति की ताकत है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को बिलासपुर में श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेले के उद्घाटन अवसर पर कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने देव उठनी एकादशी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भगवान श्री विष्णु योग-निद्रा से जागते हैं और मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। ऐसे पावन दिन और पवित्र तीर्थ पर श्रद्धालुओं के बीच आना उनके लिए परम सौभाग्य है। 

*युगों पुरानी धार्मिक विरासत का केंद्र है कपाल मोचन*

मुख्यमंत्री ने कपाल मोचन तीर्थ के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कंद महापुराण के अनुसार यह तीर्थ पावन सरस्वती और यमुना के मध्य स्थित द्वैतवन में है। प्राचीन काल में इसे ‘औशनस तीर्थ’ कहा जाता था। महाभारत और वामन महापुराण में भी इसका उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा जी ने इसी द्वैतवन में यज्ञ किया था, जिसमें देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों ने भाग लिया था।

*गुरु गोबिंद सिंह जी के 52 दिन के प्रवास का साक्षी है यह तीर्थ*

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपाल मोचन की धरती दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चरणों से भी पावन हुई है। भंगाणी के युद्ध से पूर्व गुरु साहिब ने यहां 52 दिन प्रवास किया था। उन्होंने कपाल मोचन और ऋण मोचन सरोवरों में स्नान किया तथा अपने अस्त्र-शस्त्र धोए। दोनों सरोवरों के बीच स्थित प्राचीन अष्टकोणीय गुरुद्वारा आज भी इस ऐतिहासिक विरासत का साक्षी है। गुरु साहिब ने यहां के महंत को हस्तलिखित पट्टा और ताम्रपत्र भी प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के वरदान और परंपरा के अनुरूप आज भी कार्तिक पूर्णिमा पर यहां श्री गुरु नानक देव जी का गुरु पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। लाखों श्रद्धालु इस अवसर पर पहुंचते हैं और कपाल मोचन, ऋण मोचन तथा सूरज कुंड में क्रमवार स्नान करते हैं। देव उठनी एकादशी से ही इस पांच दिवसीय पुण्य पर्व की शुरुआत होती है।

*चार प्रमुख तीर्थों के विकास के लिए श्राइन बोर्ड का गठन*

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को सहेजना सरकार का दायित्व है। इसी उद्देश्य से श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मंत्रा देवी और श्री केदारनाथ के व्यवस्थित विकास के लिए समर्पित श्राइन बोर्ड का गठन किया गया है। तीर्थ का कायाकल्प दो चरणों में किया जा रहा है। इस वर्ष मेले और तीर्थ के रखरखाव पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गुरुओं के शौर्य और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से ‘गुरु गोबिंद सिंह युद्ध कला संग्रहालय’ बनाया गया है। वहीं, लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए भगवानपुर में 112 करोड़ रुपये की लागत से उनके स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। मां सरस्वती के उद्गम स्थल आदि बद्री को भी प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

*गुरुओं की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास*

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुओं और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके विचार और शिक्षाएं समाज के जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार ने ‘संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ शुरू की है। इसके तहत महापुरुषों की जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित कर उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है। आगामी दिवसों में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व यमुनानगर में राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आठवीं कक्षा के इतिहास पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं और बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का इतिहास शामिल किया है। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर शोध पीठ स्थापित की गई है। कुरुक्षेत्र के उमरी में 170 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के पहले सिख संग्रहालय की आधारशिला प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने रखी है। कुरुक्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के संग्रहालय का निर्माण कार्य भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुनानगर के कलेसर में ‘श्री गुरु तेग बहादुर स्मृति वन’ विकसित किया जा रहा है और यमुनानगर का मेडिकल कॉलेज भी गुरु साहिब के नाम पर होगा। सिख संगत की वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का गठन किया गया है। सिरसा में गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को लगभग नौ एकड़ भूमि निःशुल्क सौंपी गई है।

*धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिल रही नई पहचान*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुरु परंपरा को राष्ट्र की चेतना से जोड़ने का कार्य किया है। साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया गया, जिसे हरियाणा हर वर्ष राज्य स्तर पर मनाता है। लंगर को जीएसटी से मुक्त करने और अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने जैसे कदम भी गुरु परंपरा के प्रति सम्मान को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से अपनी विरासत को सहेजने, गुरुओं की वाणी को जीवन में उतारने तथा सशक्त, समरस हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, श्रीमती रेणू बाला, मेयर श्रीमती सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री श्री कंवर पाल, एससी—एसटी आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री धूमन सिंह किरमचसहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *