जन संवाद की शिकायतों पर सीएम सैनी जल्द लेंगे बैठक

जन संवाद की शिकायतों पर सीएम सैनी जल्द लेंगे बैठक

जन संवाद की शिकायतों पर सीएम सैनी जल्द लेंगे बैठक

चंडीगढ़, 18 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सीएम विंडो एवं जन संवाद पर आई समस्याओं की राज्य स्तर पर बैठक आयोजित कर जल्द ही समीक्षा करेंगे। इसलिए संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी इन समस्याओं का निपटान समय पर सुनिश्चित करें।  

यह निर्देश मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बुधवार को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में सीएम विंडो, जन संवाद समस्याओं की समीक्षा करते हुए दिये। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान, पारदर्शी प्रशासन और जवाबदेह कार्यप्रणाली हमारी प्रतिबद्धता है।

खदरी ने बागवानी, चुनाव, मुद्रण एवं लेखन विभाग के अलावा श्रम,आबकारी एवं कराधान तथा मत्स्य विभाग की सीएम विंडो एवं जन संवाद समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि आबकारी एवं कराधान विभाग के नोडल अधिकारी चार साल से लंबित समस्याओं की रिपोर्ट एक माह में प्रस्तुत करें। इसके अलावा निपटाई गई 12 समस्याओं की एटीआर भी जल्द अपलोड करें। बैठक में मत्स्य विभाग की समस्या पर नोडल अधिकारी ने अवगत करवाया कि राज्य में झींगा मछली पालन में हरियाणा प्रदेश आत्मनिर्भर हो रहा है और किसानों को अच्छी मार्केट भी उपलब्ध हो रही है। मछली पालन किसानों के लिए आमदनी का बेहतर स्त्रोत बनता जा रहा है। इसलिए किसानों का झींगा मछली पालन की और रुझान बना हुआ है।

मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग की समस्या बारे बैठक में जानकारी दी गई कि भट्ट कालोनी हिसार निवासी व्यक्ति को प्लॉट देने का मामला राजस्व विभाग को भेज दिया गया है। जल्द ही सरकार इस पर निर्णय लेगी। इस प्रकार उन्होंने आबकारी विभाग की 42, मत्स्य विभाग की 9 तथा श्रम विभाग की 29 समस्याओं की सुनवाई की और उन पर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

ओएसडी ने बागवानी विभाग की 13 समस्याओं की भी सुनवाई की और नोडल अधिकारी को जल्द निपटान कर एटीआर अपलोड करने के निर्देश दिए। बागवानी विभाग की समस्या में अधिकारी ने अवगत करवाया कि प्रार्थी को पॉली हाउस योजना में बीमा न करवाने पर सब्सिडी का लाभ नहीं दिया गया। इसके अलावा मधु मक्खी पालन व्यवसाय में शहद की गुणवत्ता को लेकर नोडल अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र में हन्नी ट्रेड सेंटर बनाया गया है। इसमें उपभोक्ताओं के लिए बिक्री हेतु शहद रखा गया है। शहद की गुणवत्ता की जांच इस केंद्र पर केंद्र की एजेंसी एफएसएसएआई द्वारा समय-समय पर की जा रही है। वहीं बैठक में श्री खदरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *