मंत्रिमंडल बैठक में 12 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

मंत्रिमंडल बैठक में 12 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

मंत्रिमंडल बैठक में 12 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

चंडीगढ़, 13 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 12 एजेंडे रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से आरंभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोचिंग सेंटरों में आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाल में सामने आए घटनाक्रमों को ध्यान में रखते हुए कोचिंग सेंटरों के लिए एक प्रभावी नीति बनाई गई है।उन्होंने कहा कि नीति के तहत कोचिंग सेंटरों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए पीने के पानी, अग्नि सुरक्षा, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई के भी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। 

महाराष्ट्र में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि गुरुघर में इस प्रकार की घटना होना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि गुरुघर सभी समाजों और सभी लोगों के लिए खुले होते हैं। ऐसे स्थानों पर शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। 

कांग्रेस के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री का पलटवार 

कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस को अपने गिरेबान में भी झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कर्मचारियों और युवाओं के हितों की स्थिति क्या थी, यह प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कर्मचारियों के हितों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। लगभग 1.20 लाख कर्मियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी की सुरक्षा प्रदान की गई है और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जॉब सिक्योरिटी की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से लगातार भ्रामक बातें फैलाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन प्रदेश की जनता सरकार के कामकाज से खुश है।

युवाओं और रोजगार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं के लिए पर्याप्त काम नहीं किया, जबकि वर्तमान सरकार प्रत्येक व्यक्ति और विशेष रूप से युवाओं के हितों के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए हैं और किसी भी युवा को नौकरी के लिए किसी के दरवाजे पर जाने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर मिलें तथा प्रदेश में उद्योगों के विस्तार के माध्यम से रोजगार के नए साधन तैयार हों।

गुरुग्राम में जलभराव के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार बारिश बहुत अधिक हुई है, लेकिन प्रशासन द्वारा पहले से ही आवश्यक तैयारियां की गई थीं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जलभराव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पहले की तुलना में स्थिति में काफी सुधार हुआ है और प्रशासन ने जलनिकासी के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। सरकार का प्रयास है कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। 

कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

प्रदेश में अपराध की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और कानून का भय अपराधियों में होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखना सरकार की जिम्मेदारी है और उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई हो तथा जरूरतमंद लोगों की एफआईआर दर्ज करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

खिलाड़ियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं और रोजगार 

प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने खेलों के क्षेत्र में पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था तैयार की है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार ने खेल प्रतिभाओं को नर्सरी स्तर से ही तैयार करने पर विशेष जोर दिया है। बच्चे खेल नर्सरियों से निकलकर खेल मैदानों तक पहुंच रहे हैं और प्रदेश के लिए पदक जीत रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रदेश के स्टेडियमों और खेल बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किया गया है। खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और केंद्र सरकार के सहयोग से भी खेलों को बढ़ावा मिला है। हरियाणा सरकार ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां देकर उनका सम्मान सुनिश्चित किया है।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के मकरंद पांडुरंग, निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष कुमार लोहान तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *