युवा सकारात्मक रूप से राजनीति में भाग लें – हरविंद्र कल्याण

युवा सकारात्मक रूप से राजनीति में भाग लें - हरविंद्र कल्याण
चंडीगढ़, 31 मार्च। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याणा ने युवाओं से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा युवा सकारात्मक रूप से राजनीति में भाग लें और देश के विकास में अपना अहम योगदान दें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है। इस सपने को साकार करने और भारत को जगत गुरु बनाने की दिशा में सभी युवाओं को अपनी भागीदारी निभानी होगी।
हरविंद्र कल्याण आज नेहरू युवा केंद्र संगठन हरियाणा मंडल द्वारा हरियाणा विधानसभा में आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में शिरकत करने वाले युवक व युवतियों को संबोधित कर रहे थे।
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि संसद व विधानसभा को लोकतंत्र का मंदिर कहते हैं, जिसमें देश व प्रदेश के कानून बनाने के साथ-साथ नीतियां तय करने व विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाता है। यहीं पर देश व प्रदेश के विकास कार्यों को मूर्त रूप देने के लिए बजट भी निर्धारित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक देश, एक विधायिका का सपना है, जिसे पूरा करने का भरसक प्रयास किया जा रहा है। इस कड़ी में जल्द ही देश के अलावा हरियाणा प्रदेश के कोने-कोने में युवाओं, महिलाओं, पंचायतों व को-ऑपरेटिव सोसाइटी के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के 11 संकल्प भारत के संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की एक शक्तिशाली शपथ हैं। ये हमें याद दिलाते हैं कि संविधान एक स्थिर दस्तावेज नहीं, बल्कि एक जीवंत ढांचा है जो हर भारतीय से सक्रिय भागीदारी की मांग करता है।
इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र हरियाणा के निदेशक डा. गुरमेल सिंह बाजवा ने विधानसभा के स्पीकर श्री हरविंद्र कल्याण का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में निमिशा सूर्यवंशी रही अव्वल
कार्यक्रम में निमिशा सूर्यवंशी ने पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह से भूमिका ने दूसरा और दक्षिता गुलिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र हरियाणा के निदेशक डा. गुरमेल सिंह बाजवा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के 87 युवक व युवतियों ने भागीदारी कर भारत के संविधान के 75 वर्ष-अधिकारियों का सफर, कर्तव्य एवं प्रगति-संविधान दिवस के 11 संकल्प पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाली प्रतिभागी 2 से 3 अप्रैल को दिल्ली स्थित लोकसभा में होने वाले विकसित भारत युवा संसद में शिरकत करेंगे।