स्टेट प्रगति डैशबोर्ड बैठक में मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

स्टेट प्रगति डैशबोर्ड बैठक में मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

स्टेट प्रगति डैशबोर्ड बैठक में मेगा प्रोजेक्ट्स की समीक्षा

चंडीगढ़, 11 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित स्टेट प्रगति डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में चल रही मेगा परियोजनाओं की प्रगति की कड़ी निगरानी की जाए और उनके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए, ताकि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी प्रमुख परियोजनाओं को स्टेट प्रगति डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए, जिससे विभिन्न स्तरों पर उनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करवाने के लिए लगातार निगरानी की जाए।

श्री सैनी ने परियोजनाओं में देरी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि जिन एजेंसियों को निर्माण कार्य अलॉट किए गए है उन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन एजेंसियों की वजह से निर्माण कार्यों में विलंब हो रहा है, उनके विरुद्ध निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

बैठक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित आठ मेगा परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व डॉ. सुमिता मिश्रा, ए.के. सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, आयुक्त एवं सचिव वित्त मोहम्मद शायन, मुख्य प्रशासक एचएसवीपी चंद्रशेखर खरे, विशेष सचिव (मॉनिटरिंग एवं समन्वय) डॉ. प्रियंका सोनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *