भाजपा ने पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री दिया – बिप्लब देब

भाजपा ने पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री दिया - बिप्लब देब

भाजपा ने पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री दिया - बिप्लब देब

रेवाड़ी, 4 जुलाई। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कड़ी में विधानसभा चुनाव सह प्रभारी बिप्लब देब गुरुवार को रेवाड़ी पहुंचे और मंडल, जिला व प्रदेश स्तर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक ली। 

बैठक में देब ने पदाधिकारियों से संगठन व सरकार के कार्यों के बारे में चर्चा की और उनकी मन की बातों को भी सुना। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन और सरकार से संबंधित कई मुद्दों को चुनाव सह प्रभारी के सामने रखा। 

बिप्लब देब ने कार्यकर्ताओं को 29 जून को पंचकूला में हुई विस्तृत कार्यकारिणी की बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनहित में तीसरी बार भाजपा सरकार जरूरी है। देब ने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने और लोगों के दिलों तक पहुंचने के टिप्स देते हुए विधानसभा चुनाव जीतने के लिए दिशा दी। बिप्लब देब ने बैठक में आगामी 90 दिनों का रोडमैप रखा और सभी से रोडमैप के अनुसार चलने का आह्वान किया और कहा कि इस रोडमैप पर चलकर भाजपा पूर्ण बहुमत से तीसरी बार सरकार बनाएगी। इस बैठक में प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री डा. बनवारी लाल भी मौजूद रहे।

बिप्लब देब ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब समय कम बचा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी हर रोज जनहित में नए-नए कदम उठाकर जनता को फायदा पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप लोगों की बदौलत केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनी है। अब हरियाणा विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए सभी कार्यकर्ता सरकार के साथ समन्वय बनाते हुए लोगों की सेवा करें। अगर किसी योजना का लाभ लेने में लाभार्थियों को जरूरत है तो उनकी सहायता करें। श्री देब ने कहा कि दिन रात पार्टी हित में काम करते हुए तीसरी बार हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने के काम में तेजी से जुट जाएं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव भाजपा जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी। बिप्लब देब ने कहा कि  जिलेवार बैठकों का दौर शुरू हो गया है और पांच नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, सतीश पूनिया, सुरेंद्र नागर भी पांच-पांच जिलों में बैठकें करेंगे और ये बैठक सभी 22 जिलों में होंगी। देब ने कहा कि इन बैठकों में संगठन के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों तथा नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।  सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता के बीच लेकर जाएंगे।

बिप्लब देब ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं में चुनाव के लिए उत्साह है। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को मोदी और नायब सरकार की नीतियों तथा योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाने का आग्रह किया गया है। श्री देब ने सीएम सैनी की मीडिया के सामने जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनहित में लगातार अच्छा काम कर रहे हैं।

परिवार पहचान पत्र पर पूछे गए एक सवाल पर बोलते हुए बिप्लब देब ने कहा कि परिवार पहचान पत्र में अगर कहीं कोई त्रुटियां या फिर परेशानी है तो सरकार इन्हें दूर करने का काम कर रही है।  पत्रकार के सवाल पर हंसते हुए श्री देब ने कहा कि जब आप भी परिवार पहचान पत्र की प्रशंसा कर रहे हैं तो निश्चित तौर पर यह योजना काफी अच्छी है। भाजपा की टिकट के कई दावेदारों के सवाल पर श्री देब ने कहा कि अगर हमारे पास टिकट लेने वाले कार्यकर्ताओं की लंबी लाइन है तो इसका मतलब यह है कि भाजपा का तीसरी बार जीतना तय है। उन्होंने कहा कि बहुत छोटे से कार्यकाल में नायब सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में बेहतरीन काम किया है यह सभी के सामने है।

बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा का विकास भाजपा सरकार में ही संभव है। विपक्ष की सरकारों को घेरते हुए श्री देब ने कहा कि पहले एक जिला का मुख्यमंत्री होता था, लेकिन 2014 के बाद पहली बार पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री प्रदेश को मिला है। सीएम नायब सैनी बिना भेदभाव के पूरे हरियाणा का समान रूप से विकास करा रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बीजेपी लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।

आज की बैठक में मंत्री बनवारीलाल, विधायक  लक्ष्मण यादव, जिला अध्यक्ष प्रीतम चौहान, जिला प्रभारी नसीम अहमद,  जिला महामंत्री सत्यदेव यादव, ईश्वर छनीजा, प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली, चेयरमैन अरविंद यादव, पूर्व मंत्री विक्रम यादव, विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास, चेयरमैन पूनम यादव, सतीश खोला, पूर्व जिला अध्यक्ष हुकुम चंद यादव, जिला मीडिया सह प्रभारी प्रवीन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © The Aan News All rights reserved. | Newsphere by AF themes.