नशामुक्त और सभ्य पंजाब के निर्माण का नायब सैनी ने किया आह्वान
नशामुक्त और सभ्य पंजाब के निर्माण का नायब सैनी ने किया आह्वान
चंडीगढ़, 9 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के लोगों से आह्वान किया कि आओ सब मिलकर पंजाब को नशामुक्त करें और एक कुशल कारीगर की भांति इसको सभ्य एवं भव्य प्रदेश के तौर पर फिर से गढ़ने का काम करें।
सैनी आज पंजाब के फगवाड़ा में श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर सांसद श्री अशोक मित्तल , पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला एवं सोमप्रकाश के अलावा शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर कमेटी के प्रधान श्री प्रदीप धीमान , उपप्रधान श्री सुरेंद्र धीमान व गुरमख सिंह नामधारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 116 वर्ष पुराने ऐतिहासिक मंदिर में भगवान श्री विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाकर गोवर्धन पूजा एवं भगवान विश्वकर्मा पूजा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर समाज की रक्षा की, और भगवान विश्वकर्मा ने द्वारका बसाकर उसी समाज को घर दिया। एक ने रक्षा की, दूसरे ने रचना की और रक्षा व रचना, यही भारत की संस्कृति है। उन्होंने मन्दिर कमेटी द्वार करवाए जा रहे कल्याणकारी कार्यों की सराहना की।
श्री सैनी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में हरियाणा सरकार द्वार राज्य में करवाए गए सुधारों का विस्तार से जिक्र किया और बताया कि पूरे प्रदेश में जहां गरीब मरीजों का सरकारी अस्पतालों में फ्री डायलिसिस करवाया जा रहा है , वहीँ सिलीकोसिस पीड़ित श्रमिकों के लिए पुनर्वास नीति बनाने वाला देश का पहला राज्य भी हरियाणा ही बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब कारीगर के पास बैंक से लोन लेते वक्त हुनर के सिवा कोई गारंटी नहीं होती। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पीएम विश्वकर्मा योजना से उसी हुनर को गारंटी बना दिया। इस योजना के तहत 500 रुपये रोज के भत्ते के साथ प्रशिक्षण, 15 हजार रुपये तक की टूलकिट और बिना गारंटी 3 लाख रुपये तक का ऋण सिर्फ 5 प्रतिशत ब्याज पर देना शुरू किया।
उन्होंने आगे बताया कि हरियाणा सरकार ने इसमें मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत 5 हजार रुपये अपनी ओर से जोड़े। चार साल का लक्ष्य दो साल में पूरा हुआ। अब तक 30 लाख कारीगर इस योजना से जुड़ चुके हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने बच्चों की पढ़ाई को देश के भविष्य की नीवं बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछड़े वर्ग के बच्चों को देश में पढाई करने के लिए 15 लाख और विदेश में 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण देने का प्रावधान किया है। इसमें लड़कों को सिर्फ 4 प्रतिशत ब्याज पर जबकि बेटियों को 3.5 प्रतिशत दर पर लोन दिया जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि काम के दौरान दुर्घटना में श्रमिक की मृत्यु पर उसके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। पंचायतों और नगर निकायों में पिछड़ा वर्ग-ए को 8 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग-बी को 5 प्रतिशत आरक्षण देकर हमने इस समाज को निर्णय की कुर्सी तक पहुंचाया है। क्रीमी लेयर की सीमा भी 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की वर्तमान सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पंजाब हमारा बड़ा भाई है। जो हरियाणा में हो सकता है, वह पंजाब में क्यों नहीं हो सकता? बिल्कुल हो सकता है। बस नीयत चाहिए, नीति चाहिए और जनता के प्रति समर्पण चाहिए। लेकिन पंजाब सरकार के मुखिया तो चुटकुलों से लोगों को बरगलाना चाहते हैं न कि अपने चुनावी वायदे पूरा करके।
उन्होंने हरियाणा सरकार की लाड़ली योजना , चिरायु योजना तथा खेल नीति का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर पंजाब के लोग आगामी चुनाव में नवसर्जन का संकल्प लें तो वर्ष 2029 तक इस प्रदेश को नशा मुक्त बना सकते हैं , जैसा केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह ने अपने हालिया पंजाब के दौरे के दौरान कहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। हरियाणा में युवाओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रमों और दौड़ जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पंजाब में बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और युवाओं की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
