‘द कंपोजर’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार, हू जुन बने बेस्ट एक्टर
'द कंपोजर' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार, हू जुन बने बेस्ट एक्टर
नई दिल्ली। दिल्ली में आयोजित पहले चीनी फिल्म महोत्सव-2026 में फिल्म ‘द कंपोजर’ ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार हासिल किया। फिल्म के निर्देशक ज़िएरझाती याहेफू हैं। समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को ट्रॉफी, स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महादेव रोड स्थित फिल्म्स डिवीजन ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में भारत और चीन की 10 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। पुरस्कारों की घोषणा जूरी और चयन समिति ने की।
फीचर फिल्म श्रेणी में ‘द कंपोजर’ के लिए हू जुन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया, जबकि यिहुई शाओ को फिल्म ‘हर स्टोरी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला। ‘द सिंकिंग ऑफ द लिस्बन मारू’ को सिलेक्शन कमेटी चॉइस अवार्ड दिया गया। इस फिल्म का निर्देशन मिंग फैन, लिली गोंग और फैंग ली ने किया है।
लघु फिल्म श्रेणी में पेइयान तांग के निर्देशन में बनी ‘अ पासिंग क्लाउड्स’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। वहीं, रामकिशोर पारचा निर्देशित ‘द गर्ल विद क्लोज लिप्स’ के लिए आराध्या को सर्वश्रेष्ठ बाल अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार फिल्म ‘नाइट रेड’ (एक्सिस ऑफ वॉर: नाइट रेड FF) के नाम रहा।
समापन समारोह में पुरस्कार वितरण के साथ भारत और चीन के बीच फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने की घोषणाएं भी की गईं। आयोजकों ने दिल्ली में दूसरे चीनी फिल्म महोत्सव और बीजिंग में भारतीय फिल्म महोत्सव आयोजित करने की योजना साझा की।
