डेराबस्सी में कर चोरी की शिकायतों को लेकर आरटीओ की विशेष कार्रवाई

डेराबस्सी में कर चोरी की शिकायतों को लेकर आरटीओ की विशेष कार्रवाई

डेराबस्सी में कर चोरी की शिकायतों को लेकर आरटीओ की विशेष कार्रवाई

एसएएस नगर, 23 सितंबर। आंतरराज्यीय पर्यटक परिवहन ऑपरेटरों द्वारा पंजाब में करों की कथित चोरी संबंधी प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), एसएएस नगर द्वारा डेराबस्सी सब-डिवीजन में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

यह चेकिंग अभियान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हरप्रीत सिंह अटवाल के नेतृत्व में सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी गगनदीप सिंह तथा विभागीय प्रवर्तन स्टाफ द्वारा चलाया गया। टीम ने डेराबस्सी के प्रमुख मार्गों पर अचानक नाके स्थापित कर अन्य राज्यों से आने वाले वाणिज्यिक यात्री वाहनों की पंजाब राज्य के अनिवार्य रोड टैक्स, पैसेंजर टैक्स, वैध परमिट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जांच की।

चेकिंग के दौरान 10 पर्यटक बसों और 3 फोर्स अर्बनिया वैनों सहित अन्य वाणिज्यिक यात्री वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों के संबंध में मोटर व्हीकल कानूनों के उल्लंघन तथा पंजाब में लागू करों की अदायगी न करने पर कार्रवाई की गई। उल्लंघनकर्ताओं पर कुल 8.22 लाख रुपये की कंपाउंडिंग फीस और कर बकाया लगाया गया।

नियमों का पालन न करने वाले वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लेहली और लालड़ू पुलिस थानों में खड़ा करवाया गया। ये वाहन आवश्यक नियामकीय औपचारिकताएं पूरी होने तथा बकाया करों के निपटारे तक वहीं रहेंगे।

आरटीओ द्वारा अन्य राज्यों में पंजीकृत पर्यटक बसों, मैक्सी कैब और लग्जरी यात्री वाहनों के ऑपरेटरों को निर्देश दिए गए हैं कि पंजाब में प्रवेश करने और वाहन चलाने से पहले सभी लागू करों का भुगतान सुनिश्चित करें तथा वैध परमिट और आवश्यक प्राधिकृत दस्तावेज अपने पास रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार जुर्माने और वाहन जब्ती सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आरटीओ ने कहा कि एसएएस नगर के अंतरराज्यीय मार्गों पर कर चोरी तथा बिना वैध अनुमति के वाहनों के संचालन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *